रामलीला में बड़ा हादसा रावण बने कलाकार की आंख में लगी तीर, राम के खिलाफ SC/ST एक्ट में केस दर्ज
सोनभद्र जिले में रामलीला मंचन के दौरान हुए हादसे में रावण बने कलाकार की आंख में तीर लग गया। इलाज के दौरान एक आंख की रोशनी चली गई, मामले में SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई।
![]() |
सोनभद्र (UP): रामलीला मंचन के दौरान हुए हादसे में रावण बने कलाकार की आंख में तीर लग गया, मामले में SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। रावण की भूमिका निभाने वाले कलाकार का दावा है कि हादसे में उनकी एक आंख की रोशनी पूरी तरह चली गई, जबकि दूसरी आंख से भी उन्हें साफ दिखाई नहीं दे रहा। पीड़ित ने राम की भूमिका निभाने वाले कलाकार और आयोजकों पर गाली-गलौज व धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
निशाना चूकने से गई आंखों को रोशनी
रामलीला मंचन के दौरान रावण वध के दृश्य का अभिनय किया जा रहा था। इसी दौरान तीर निशाने से चूककर रावण बने कलाकार की आंख में जा लगा। इस हादसे में कलाकार की आंख में गंभीर चोट आई। इलाज के दौरान उनकी एक आंख की रोशनी चली गई।
घटना करीब दो महीने पुरानी है, जिस पर अब जाकर SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है। यह मामला उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के खैरा गांव से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक 13 नवंबर 2025 को गांव में रामलीला का मंचन चल रहा था।
राम की भूमिका निभा रहे कलाकार को तीर से प्रतीकात्मक रूप से रावण का मुकुट गिराना था, लेकिन निशाना चूक गया और तीर सीधे रावण बने कलाकार की आंख में लग गया। घटना के बाद घायल कलाकार को इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी एक आंख की रोशनी चली गई।
ये भी पढ़े – बजट 2026: इंफ्रा, हेल्थ और एजुकेशन पर सरकार का बड़ा दांव, बदलेगा देश का भविष्य
जान से मारने की धमकी
पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने इलाज के खर्च के लिए आयोजकों से मदद मांगी, लेकिन आयोजकों ने किसी भी तरह की मदद से इनकार कर दिया। पीड़ित ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
इलाज के कारण वह तत्काल थाने में शिकायत दर्ज नहीं करा सके। इसके बाद दिसंबर के पहले सप्ताह में उन्होंने थाने में तहरीर दी। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनवरी के अंत में मामला दर्ज किया गया।
राम की भूमिका निभाने वाले कलाकार ने इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताया और कहा कि उन्हें FIR दर्ज होने की जानकारी नहीं दी गई थी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें