एक सेल्फी ने छीन ली दो जिंदगियां, वंदे भारत ट्रेन के साथ फोटो लेना पड़ा भारी
गुजरात के राजकोट में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां वंदे भारत ट्रेन के पास सेल्फी लेने की कोशिश में दो प्रवासी मजदूरों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
![]() |
| वंदे भारत के साथ फोटो बना मौत की वजह (फोटो Ai) |
पूरा मामला क्या है जानिए
दरअसल गुजरात (Gujarat) के राजकोट जिले में वंदे भारत एक्सप्रेस से जुड़ा एक बेहद गंभीर हादसा हुआ है। रेलवे ट्रैक के पास खड़े होकर सेल्फी ले रहे तीन प्रवासी मजदूर ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार 2 फरवरी की शाम करीब 4:45 बजे भक्तिनगर और रिब्डा रेलवे स्टेशन के बीच एक रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। उसी समय वेरावल से अहमदाबाद जा रही वंदे भारत ट्रेन तेज रफ्तार में वहां से गुजर रही थी।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक मोबाइल से ग्रुप सेल्फी लेने के लिए रेलवे ट्रैक के बेहद करीब पहुंच गए थे। ट्रेन की गति और दूरी का सही अंदाजा न लग पाने के कारण वे समय रहते खुद को बचा नहीं सके और ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवकों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान संदीप पटेल और संदीप कोली के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक कपिल पटेल बताया जा रहा है। तीनों उत्तर प्रदेश के निवासी थे और राजकोट की एक फैक्ट्री में काम करते थे।
ये भी पढ़े – रामलीला में बड़ा हादसा रावण बने कलाकार की आंख में लगी तीर, राम के खिलाफ SC/ST एक्ट में केस दर्ज
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों युवक अपने एक साथी को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक पार करते वक्त उन्होंने सेल्फी लेने का फैसला किया, जो जानलेवा साबित हुआ।
घटना के बाद कुछ समय के लिए ट्रेन को रोका गया था। पुलिस ने लोगों से रेलवे ट्रैक के आसपास फोटो या वीडियो बनाने से बचने की अपील की है। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें